दरअसल महेश भट्ट ने एक बातचीत के दौरान फिल्म के उस दृश्य का जिक्र किया जिसमें भगवान राम को अयोध्या छोड़कर 14 साल के वनवास पर जाना पड़ता है। यह फिल्म का बेहद भावनात्मक हिस्सा है। महेश भट्ट के मुताबिक इस दृश्य ने उन्हें अंदर तक प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि वह कुछ युवा फिल्ममेकर्स और लेखकों के साथ फिल्म की स्क्रीनिंग देखने पहुंचे थे। वहां मौजूद लोगों को पता था कि वह रणबीर कपूर के ससुर हैं। ऐसे में जब वनवास वाला दृश्य पर्दे पर आया तो वह खुद को संभाल नहीं पाए।
महेश भट्ट ने बताया कि इंटरवल से पहले जब राम को वनवास भेजे जाने का दृश्य दिखाया गया तो उनका गला भर आया था। फिल्म खत्म होने के बाद जब सिनेमाघर की लाइटें जलीं तो उन्होंने अपने आंसू छिपाने की कोशिश की लेकिन ऐसा नहीं कर सके। वह उस समय कुछ बोलने की स्थिति में भी नहीं थे। उन्होंने कहा कि कुछ बेहतरीन अनुभव ऐसे होते हैं जो इंसान को पूरी तरह खामोश कर देते हैं। महेश भट्ट के इस बयान से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म का वनवास वाला दृश्य उनके लिए कितना खास और भावुक करने वाला रहा।
महेश भट्ट ने केवल रणबीर कपूर की तारीफ ही नहीं की बल्कि फिल्म में रावण का किरदार निभाने वाले यश के अभिनय से भी काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि यश ने रावण के रूप में शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय की ऊर्जा दर्शकों को बांधे रखती है। महेश भट्ट के मुताबिक रावण जैसे प्रभावशाली किरदार को निभाते समय अभिनय में जरूरत से ज्यादा आक्रामकता आने का खतरा रहता है लेकिन निर्देशक नितेश तिवारी ने इस ऊर्जा को बेहतरीन तरीके से नियंत्रित किया है।
उन्होंने रणबीर और यश के किरदारों के बीच बनाए गए संतुलन की भी तारीफ की। महेश भट्ट का मानना है कि फिल्म में दोनों कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा अवसर मिला है। जब पर्दे पर रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में आते हैं तो फिल्म का माहौल एक अलग भावनात्मक स्तर पर पहुंच जाता है। उन्होंने रणबीर के उस दृश्य का भी जिक्र किया जिसमें अभिनेता कैमरे की तरफ आते हैं और हाथ जोड़ते हैं। महेश भट्ट के मुताबिक उस पल ऐसा महसूस हुआ जैसे रणबीर ने अपने भीतर के भगवान को छू लिया हो।
फिल्म में अरुण गोविल के अभिनय ने भी महेश भट्ट का दिल जीत लिया। उन्होंने अरुण गोविल की प्रस्तुति को बेहद भावुक और दिल छू लेने वाला बताया। गौरतलब है कि अरुण गोविल पहले भी रामानंद सागर की रामायण में भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हो चुके हैं। ऐसे में नई रामायण में उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए भी खास आकर्षण बनी हुई है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रामायण को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है। फिल्म में रणबीर कपूर और यश के अलावा साई पल्लवी और सनी देओल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। महेश भट्ट की प्रतिक्रिया ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म को दर्शकों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है और रणबीर कपूर का भगवान राम वाला किरदार लोगों के दिलों में कितनी गहरी जगह बना पाता है।
