मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। पूरी नेपाली टीम 42.3 ओवर में 128 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। नेपाल की ओर से दर्श सोनार ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। उन्होंने 93 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का लगाया। इसके अलावा आशीष लुहार ने 45 गेंदों में 29 रनों की पारी खेली। दर्श और आशीष के बीच पांचवें विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी हुई जिसने नेपाल की पारी को कुछ हद तक संभालने का काम किया। इन दोनों के अलावा नीरज कुमार यादव ही 20 रन बनाकर दहाई का आंकड़ा छू सके।
भारत की ओर से ईशान सूद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। स्पिनर अर्जुन राजपूत ने भी तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। यशवीर गौड़ को दो विकेट मिले जबकि काव्या चौहान और मनाल पटेल ने एक-एक सफलता हासिल की। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही नेपाली बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा और पूरी टीम को 128 रन पर समेट दिया।
129 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने नेपाली गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। आर्यवीर ने पहले पिच पर समय बिताया और फिर अपने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने महज 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अभय यादव की गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने अपनी फिफ्टी पूरी की। आर्यवीर ने 52 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाए। उनकी इस पारी में सात चौके और चार शानदार छक्के शामिल रहे।
दूसरे छोर पर कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी उनका पूरा साथ निभाया। लक्ष्य ने 63 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए जिसमें सात चौके शामिल थे। दोनों बल्लेबाजों के बीच शानदार साझेदारी हुई और भारत ने 19.1 ओवर में ही 129 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 10 विकेट से जीत दर्ज की।
इस मुकाबले के बाद सबसे ज्यादा चर्चा आर्यवीर सहवाग की बल्लेबाजी की हो रही है। वीरेंद्र सहवाग अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पूरी दुनिया में पहचाने जाते रहे हैं और अब उनके बेटे ने भी अंडर-19 क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से लोगों का ध्यान खींचा है। आर्यवीर की इस पारी को भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे के तौर पर उनके सफर की शानदार शुरुआत माना जा रहा है।
अब भारतीय टीम की नजर अपने अगले मुकाबले पर है। भारत को 8 नवंबर को पाकिस्तान की अंडर-19 टीम से भिड़ना है। इसके बाद 10 नवंबर को उसका सामना संयुक्त अरब अमीरात से होगा। टूर्नामेंट के दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल मुकाबले 12 नवंबर को जबकि फाइनल 14 नवंबर को खेला जाएगा। नेपाल के खिलाफ मिली बड़ी जीत के बाद भारतीय युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर टिक गई हैं।
