नई दिल्ली। एचपी इंडिया ने छात्रों और कारोबारी पेशेवरों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एचपी ओमनीबुक 5 और एचपी प्रोबुक 4 जी2आईएस लैपटॉप पेश किए हैं। कंपनी के अनुसार, ओमनीबुक 5 को छात्रों की पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों में सहयोग के लिए तैयार किया गया है, जबकि प्रोबुक 4 जी2आईएस तेजी से विकसित हो रहे कारोबारों और मोबाइल प्रोफेशनल्स की जरूरतों को पूरा करेगा। दोनों डिवाइस में बेहतर परफॉर्मेंस, पोर्टेबिलिटी और एआई आधारित सुविधाओं पर ध्यान दिया गया है।
एचपी इंडिया के पर्सनल सिस्टम्स के सीनियर डायरेक्टर विनीत गेहानी ने कहा कि भारत में छात्रों और कारोबारियों की डिजिटल जरूरतें तेजी से बदल रही हैं। छात्रों को पढ़ाई और रचनात्मक कार्यों में सहयोग देने वाली तकनीक चाहिए, जबकि उभरते कारोबारों को भरोसेमंद और सुरक्षित पीसी की जरूरत है। इन दोनों नए उत्पादों के जरिए कंपनी अलग-अलग उपभोक्ता वर्गों के लिए उनकी जरूरतों के अनुरूप कंप्यूटिंग अनुभव उपलब्ध करा रही है।
ओमनीबुक 5 में 42 घंटे तक की बैटरी लाइफ
एचपी ओमनीबुक 5 में इंटेल कोर 7 प्रोसेसर और 16 टॉप्स तक की क्षमता वाला इंटीग्रेटेड एनपीयू दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह लैपटॉप स्थानीय वीडियो प्लेबैक पर 42 घंटे तक की बैटरी लाइफ प्रदान करता है। इसका वजन 1.16 किलोग्राम और मोटाई 11.77 मिलीमीटर है। इसमें 180 डिग्री तक खुलने वाला फ्लेक्सिबल हिंज, दो फुल-फंक्शन यूएसबी-सी पोर्ट और 65 वाट का कॉम्पैक्ट यूएसबी मिनी जीएएन चार्जर दिया गया है।
लैपटॉप में सिनेमैटिक ओएलईडी डिस्प्ले, 100 प्रतिशत डीसीआई-पी3 कलर कवरेज, एचपी आई केयर टेक्नोलॉजी और 90 प्रतिशत स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो मिलता है। इसके अलावा एफएचडी आईआर कैमरा, विंडोज हेलो फेस रिकग्निशन, डुअल माइक्रोफोन, पॉली स्टूडियो ट्यून ऑडियो और डीटीएस:एक्स अल्ट्रा जैसी सुविधाएं दी गई हैं। ये फीचर्स ऑनलाइन क्लास, वर्चुअल मीटिंग और डिजिटल संवाद के अनुभव को बेहतर बनाने में मदद करेंगे।
चार रंगों में उपलब्ध होगा लैपटॉप
एचपी ओमनीबुक 5 को चार रंगों स्मोक सिल्वर, स्टारलिट ब्लू, पियोनी पिंक और सॉफ्ट हनीड्यू में पेश किया गया है। इसमें प्रीमियम एल्युमीनियम चेसिस, टोन-ऑन-टोन कीबोर्ड और आकर्षक डिजाइन दिया गया है। कंपनी का कहना है कि नए रंगों और डिजाइन के जरिए उपभोक्ताओं की व्यक्तिगत पसंद को भी ध्यान में रखा गया है।
प्रोबुक 4 जी2आईएस को कारोबारों और मोबाइल प्रोफेशनल्स की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। कंपनी ने इसे बेहतर उत्पादकता, सुरक्षा और भरोसेमंद कंप्यूटिंग अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पेश किया है।
